जम्मू। शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने वीरवार को पैदल मार्च निकाला। एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स और अन्य सुरक्षा बलों ने पुराने शहर में शांति मार्च निकाला। शहर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। दुकानदारों से बातचीत की। उनको हिदायत दी कि वह दुकानें प्रशासन द्वारा बताए समय के मुताबिक खोलें और प्रशासन का सहयोग करें।
एसपी साउथ सिटी अमृतपाल वीरवार को सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ सड़कों पर निकले। उन्होंने पुरानी मंडी, बीसी रोड आदि का दौरा किया। सुरक्षा बलों की तरफ से शहर में मार्च निकाला गया। सीनियर पुलिस अधिकारी शहर में लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को जमीनी स्तर पर परखा जा सके। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद लगातार वीरवार को चौथे दिन सड़कों पर सुरक्षा बलों की तैनाती रहीं। हालांकि सुरक्षा में ढील दी गई है, लेकिन पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
-----
आज शहर में कड़ी रहेगी सुरक्षा
शुक्रवार को शहर में जुमे की नमाज अता होगी। इसे देखते हुए प्रशासन की तरफ से पुलिस को निर्देश हैं कि सुरक्षा में जरा सी भी चूक न हो। संवेदनशील इलाकोें पर पूरी नजर रखी जाए। सुरक्षा बलों को भी कहा गया है कि वह गुज्जर नगर, बठिंडी, जानीपुर और बेलीचराना जैसे इलाकों में खास नजर रखें। कुछ माह पहले इन इलाकों में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक तनाव का माहौल बन गया था। कई दिन शहर में कर्फ्यू लगा रहा था। इसे देखते हुए पुलिस की तरफ से शहर में वीरवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है।
-----
शहर में कई जगहों पर लगा जाम
वीरवार को चौथे दिन शहर में अधिकतर दुकानें खुल गईं। सड़कों पर चहल पहल बढ़ी है। वाहनों की मूवमेंट भी बढ़ी है। इस वजह से शहर में एकदम से वाहनों की मूवमेंट बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा लग गया। शहर के विक्रम चौक, बीसी रोड, केनाल रोड आदि पर वीरवार को जाम की स्थिति बनी रही।