जम्मू कश्मीर में एक बार फिर से सेना को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टंगधार सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए सेना ने पांच आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए सभी आतंकियों के शव को बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार उत्तरी कश्मीर के टंगधार सेक्टर में पाकिस्तानी आतंकियों का एक दल भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की फिराक में थे। इसी बीच तैनात जवानों को जंगलों में कुठ संदिग्ध हरकत देखने को मिली।
सतर्क जवानों ने तुरंत ही आतंकियों की हरकत को भांप लिया औऱ उन्हें ललकारा। आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जिसके बाद सेना की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में पांच आतंकी मार गिराए गए।
मारे गए सभी आतंकी पाकिस्तान के बताए जा रहे हैं। सभी के शव को बरामद किया जा चुका है। फिलहाल दोनों ओर से गोलीबारी जारी है। आशंका जताई जा रही है कि जंगलों में अभी कुछ और आतंकी मौजूद हो सकते हैं। मारे गए आतंकियों से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया गया है।
मारे गए आतंक हो सकते हैं फिदायीन
सूत्रों की मानें तो मारे गए सभी आतंकी फिदायीन थे। जो कि सैन्य कैंपों व अन्य सुरक्षाबलों के किसी ठिकाने पर हमला करने के इरादे से दाखिल हो रहे थे। हालांकि समय रहते ही सतर्क जवानों ने पाक में बैठे आतंक के आकाओं की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए पांच दहशतदर्दो को ढेर कर दिया। गौरतलब है कि सेना इसे बड़ी कामयाबी के तौर पर देख रही है।
तीन दिन के भीतर दूसरी बार घुसपैठ
उत्तरी कश्मीर के ही सीमांत जिला कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में वीरवार को आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी। हालांकि उस कोशिश को भी सेना के जवानों ने नाकाम कर दिया था। सैन्य सूत्रों के अनुसार विदेशी आतंकियों का एक बहुत बड़ा ग्रुप घुसपैठ की फिराक में था जो भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई पर पीओके की ओर भाग खड़े हुए।
आतंकी भागते समय अपना गोला बारूद छोड़ भागे थे। जिसे सेना ने तलाशी अभियान के दौरान बरामद कर लिया था। इन सामान में पहली बार दो सीढ़िया भी बरामद हुई थी। जो बिना तार काटे भारतीय सीमा में दाखिल होने के लिए लाई जा रही थी।