दो दिन में जीएमसी जम्मू में डेंगू के पांच नए पाजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें एक बच्चा शामिल है। एक पाजिटिव मरीज का इलाज चल रहा है। अस्पताल की माइक्रो बायोलाजी लैब में कई सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
कठुआ में भी एक नया पाजिटिव मामला सामने आया है। शहरी और जिला स्तर के अस्पतालों में रोजाना संदिग्ध बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। जीएमसी के अधीक्षक डा. रविंद्र रतनपाल के अनुसार नए पांच मामलों को मिलाकर अब तक दस मामले डेंगू के आ चुके हैं। लेकिन अधिकांश मामलों में पीड़ितों को उपचार के बाद छुट्टी दी गई है।
डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी से साफ है कि आने वाले दिनों में इसके पीड़ित बढ़ेंगे। जीएमसी के अलावा जिला अस्पताल कठुआ, जिला अस्पताल सांबा, सरवाल और गांधीनगर अस्पताल में कर्मियों को एलिजा टेस्ट किए जा रहे हैं।
एक पाजिटिव मामला आने पर पीड़ित के घर के आसपास पचास घरों में मच्छरों के खात्मे के लिए अभियान चलाना पड़ता है। लगातार डेंगू के पाजिटिव मामले आने से स्वास्थ्य महकमे की चुनौती बढ़ गई है।
शहर के कई संवेदनशील इलाकों में नरवाल यार्ड, वेयर हाउस, नरवाल मंडी, राजीव नगर, कालिका कालोनी आदि क्षेत्रों में डेंगू के लिए जिम्मेदार एडिस एजिप्ती मच्छरों के पनपने की ज्यादा आशंका रहती है।