नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की ओर से जारी रैकिंग सूची में जम्मू-कश्मीर के पांच शिक्षण संस्थान देश के 100 सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शामिल हो गए हैं। प्रबंधशास्त्र से जुड़े संस्थानों में आईआईएम जम्मू देशभर के संस्थानों में 36वें तथा इंजीनियरिंग में एनआईटी श्रीनगर 66वें स्थान पर है।
श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) ने आर्किटेक्चर कैटगरी में 16वां स्थान हासिल किया है जिसमें पिछले साल की रैकिंग से बेहतरीन सुधार दर्ज किया गया है। जम्मू और कश्मीर विश्वविद्यालय देश के 100 सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है।
जम्मू विश्वविद्यालय को 56वां रैंक हासिल हुआ है। पिछले साल यह विश्वविद्यालय 66वें स्थान पर था। कश्मीर विश्वविद्यालय को 53वां रैंक मिला है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा सभी हितधारकों को बधाई दी है।
एसएमवीडीयू के वीसी प्रो. आरके सिन्हा, जम्मू विवि के वीसी प्रो. उमेश राय, एनआईटी के निदेशक प्रो. राकेश सहगल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि सभी की मेहनत से संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर नाम किया है। आने वाले समय में सभी के प्रयास से और बेहतर करने की कोशिश होगी।