सांबा। पुलिस ने सेना के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाते हुए मानसर क्षेत्र में पांच कथित गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तीन मवेशियों को मुक्त कराया गया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, बीती रात स्थानीय निवासी से मानसर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सेना के सहयोग से संयुक्त अभियान शुरू किया। इस दौरान काह मोड़ नाके पर एक वाहन को रोका गया। इसमें दो मवेशी अमानवीय तरीके से बांधकर ले जाए जा रहे थे।
वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मवेशियों को छुड़ा लिया गया। कुछ समय बाद अन्य वाहन से एक और मवेशी बरामद किया गया। उसमें सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूर्व में भी गो-तस्करी और पशु चोरी जैसी गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की। संवाद