कटड़ा। जिला पुलिस ने आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए पहली बार ई-एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने व्हाट्सएप के माध्यम से कटड़ा पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार शिकायतकर्ता के पति पिछले तीन महीनों से उसके और उसके बच्चों के साथ मारपीट कर रहे थे। 24 फरवरी को आरोपी ने लाठी से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाई, जिससे उसकी बाजू और सिर पर चोटें आईं। इस स्थिति में वह खुद पुलिस स्टेशन नहीं जा सकती थी, इसलिए उसने डिजिटल माध्यम (व्हाट्सएप) से शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया। शिकायत मिलते ही कटड़ा पुलिस स्टेशन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता को अगले तीन दिनों के भीतर पुलिस स्टेशन जाकर जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने होंगे। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई शुरू करेगी। संवाद