हाजियों का पहला जत्था सोमवार को मदीना के लिए रवाना हो गया। श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने जत्थे को रवाना किया। इस पहले जत्थे में 340 हज यात्री शामिल हैं, जो एयर इंडिया की उड़ान से सीधे मदीना की ओर गए।
हवाईअड्डे पर मुफ्ती ने हज यात्रियों से बातचीत की और उनकी भलाई, सफलता और हज-ए-बैतुल्ला के सुचारु संचालन की कामना की। उन्होंने हाजियों से कहा कि वह वहां जाकर राज्य में शांति और विकास के लिए प्रार्थना करें, साथ ही मौसम की अनियमितता से बचने के लिए भी।
हज हाउस और हवाई अड्डे पर किए गए प्रबंधों से खुश होकर हाजियों ने मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने राजस्व सचिव की सऊदी में उनकी सहायता के लिए की गई तैनाती के फैसले का भी स्वागत किया।
इस मौके पर बेगम मुफ्ती सईद, हज और औकाफ मंत्री एआर वीरी, सांसद महबूबा मुफ्ती और एमपी एवं भारतीय हज कमेटी के सदस्य मोहम्मद सलीम अंसारी समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि इस वर्ष जम्मू-कश्मीर से 6684 हाजी पंजीकृत किए गए हैं जो 31 अगस्त तक रोजाना श्रीनगर से मदीना जाने वाली उड़ान से रवाना किए जाएंगे। एयर इंडिया श्रीनगर हवाई अड्डे से कुल 20 उड़ानें संचालित करेगी।