जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले से सटे रतनूचक मिलिट्री स्टेशन पर शनिवार देर रात आतंकियों ने हमला कर दिया। संतरी पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी के घायल होने की सूचना है। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। इसके साथ ही अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बड़ी ब्राह्मणा थाना क्षेत्र के रतनूचक में सेना की 3 ब्रिगेड आफिसर क्वार्टर पोस्ट को आतंकियों ने निशाना बनाकर फायरिंग की। सेना के अनुसार, मिलिट्री स्टेशन पर तैनात संतरी ने रात लगभग 1.50 बजे दो संदिग्धों को देखा। उन्हें रुकने के लिए कहा गया, लेकिन वे रुके नहीं। संतरी ने हवाई फायरिंग करते हुए चेतावनी दी। इस पर संदिग्धों ने संतरी पोस्ट को निशाना बनाकर फायरिंग की। हालांकि, इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं है। जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध घायल हुआ है।
घटना के बाद पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन संदिग्धों का कहीं भी पता नहीं चला। सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग गए।
सैन्य प्रतिष्ठानों व वैष्णो देवी की सुरक्षा बढ़ाई
घटना के बाद सेना के अलावा स्थानीय पुलिस भी अलर्ट पर है। सभी सैन्य प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण स्थानों तथा वैष्णो देवी सहित अन्य प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सैन्य ब्रिगेड की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। साल के आखिरी दिन तथा नए साल पर मां वैष्णो देवी के दर्शन को भारी संख्या में देशभर से लोग उमड़ते हैं। इसके मद्देनजर वहां सुरक्षा बढ़ाई गई है।
सांबा जिले की सीमा से लगा इलाका सील
सांबा जिले की सीमा से लगे पूरे इलाके को सील कर दिया गया हैै। सांबा में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। पुलिस की तरफ से भी विभिन्न क्षेत्रों में नाके लगा कर जांच की गई।