अरनिया। क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ में जसवंत सिंह पुत्र बलदेव राज के घर आग लगने से घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि किसी को जान की हानि होने से बच गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब दो बजे आसपास के लोगों ने धुआं निकलते देखा तो परिवार सहित उसे बुझाने के प्रयास में जुट गए। लेकिन, सफलता नहीं मिली। जल्द ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग को बढ़ता देख घरवालों ने पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल गाड़ी और पुलिस ने आग पर तो काबू पाया, लेकिन तब तक दो फ्रिज, एक वाशिंग मशीन और अलमारी सहित अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। यहां तक कि अलमारी में रखी नकदी सहित पूरे कपड़े भी जल गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में जान का कोई नुकसान नहीं हुआ। आग का कारण बिजली का सर्किट शॉर्ट होना बताया जा रहा है। इस घर के बेटे की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। अरनिया पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।