दोमाना। कानाचक पुलिस थाना के अंतर्गत राजपुरा में रविवार शाम को शॉर्ट सर्किट से एक रिहायशी कुल्ले में आग लगने से सामान राख हो गया है। कुल्ले में रहने वाले परिवार ने भाग कर जान बचाई है। इस दौरान लोगों ने मढ़ क्षेत्र में दमकल विभाग का कार्यालय खोलने की मांग उठाई है ताकि समय रहते आगजनी की घटनाओं पर काबू पाया जा सके।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय रशीद पुत्र अलफ दीन के रियायशी कुल्ले में रविवार शाम को चार बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना के समय परिवार कुल्ले में ही था। आग की जानकारी मिलते ही पूरा परिवार ने जल्द बाहर निकल कर जान बचाई और इसके साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। वहीं, आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। परिवार सहित आसपास के लोगों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन अंदर रखा गया पूरा सामान राख हो गया है। दमकल विभाग का कार्यालय दूर होने के कारण वाहन और कर्मी समय पर नहीं पहुंच पाए हैं। इसका लोगों ने रोष जताया है। मौके पर पहुंच कर कानाचक पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिजनों सहित आसपास के लोगों ने सरकार से मढ़ क्षेत्र में दमकल विभाग का कार्यालय खोलने की मांग उठाई है।