विशाल मेगा मार्ट के टॉप फ्लोर पर लगी आग।
जम्मू। शहर के बख्शी नगर स्थित विशाल मेगामार्ट में शुक्रवार को आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया। आग से निकली चिंगारियां नीचे भी आकर गिरीं। इससे नीचे खड़ी एक कार भी जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह विशाल मेगामार्ट के टॉप फ्लोर पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। यहां कपड़ों सहित अन्य सामान रखा हुआ था। आग लगने से यह सारा सामान राख हो गया। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग के वाहन मौके पर पहुंचे। लिफ्ट मशीन के जरिए टाप फ्लोर पर पानी फेंका गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं इमारत के नीचे खड़ी कार भी जल गई। दमकल वाहनों की मदद से कार में लगी आग को बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन आग बुझने तक कार जलकर राख हो चुकी थी। करीब 4 घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका और आग को टाप फ्लोर से अन्य फ्लोर तक पहुंचने से रोका गया। इस घटना को लेकर इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।