मंगलवार को जिले की मंडी तहसील के लोरन क्षेत्र के जंगलों में लगी आग आसपास के गांव तक पहुंच गई। इससे गांव मूरी के तीन घर पूरी तरह जल कर राख हो गए। हालांकि पुलिस, सेना और वन संरक्षण विभाग के प्रयासों से ग्रामीणों खास कर महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
देर शाम तक आग पर काबू पाने के लिए प्रयास जारी रहे। बड़ी संख्या में पुंछ से पुलिस जवान और फायर ब्रिगेड की गाडि़यों को भी लोरन पहुंचा दिया गया था। गोरतलब है कि सोमवार को जिले के लोरन क्षेत्र में जंगल में लगी आग को बुझाने के प्रयास में एक ग्रामीण मुनीर हुसैन की झुलस जाने के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी।
उसके बाद मंगलवार को दोपहर के समय लोरन के जंगलों में लगी आग गांव नला, मूरी और शंख तक पहुंच गई। जिस समय आग गांव तक पहुंची तो उस समय अधिकतर घरों में बच्चे और महिलाएं ही मौजूद थे।