25 कंप्यूटर, स्मार्ट प्रोजेक्टर और दो एसी सहित अन्य सामान जलकर राख
आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। डिग्री कॉलेज बिश्नाह के सम्मेलन हॉल में सोमवार रात को आग लगने से लगभग 25 कंप्यूटर, स्मार्ट प्रोजेक्टर और दो एसी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई। पुलिस ने भी मौके का जायजा लिया और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की।
घटनास्थल पर पहुंचे नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन राजन शर्मा ने बताया कि पूरी घटना को देखने से लग रहा है जैसे यह आग एसी के कारण हुए शॉर्ट सर्किट से लगी है। उन्होंने अंदेशा जताया कि कमरा बंद कर जाते समय डिग्री कॉलेज के कर्मचारी शायद एसी बंद करना भूल गए, जिसकी वजह से एसी लगातार चलता रहा, और शॉर्ट सर्किट से अंदर आग लग गई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि डिग्री कॉलेज में दो-दो चौकीदार हैं, आग लगने के वक्त वे क्या कर रहे थे? उन्हें इस घटना की जानकारी क्यों नहीं हुई? उन्होंने बताया कि प्रशासन ने बच्चों की सुविधा के लिए लगभग दो करोड़ रुपये खर्च कर सम्मेलन हॉल बनाया था, जो आग की भेंट चढ़ गया।
उन्होंने डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य को इस घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि इतनी बड़ी लापरवाही में कहीं न कहीं डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि घटना में हुए सारे नुकसान की भरपाई दोषियों से कराई जाए। घटना पर फिलहाल डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।