- थन्नामंडी के प्लांगढ़ में अग्निकांड, स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
- क्षेत्र में फायर एवं इमरजेंसी सेवाएं स्थापित करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। थन्नामंडी क्षेत्र में स्थित मरकजी दारूल उलूम मदरसे प्लांगढ़ में रविवार शाम करीब सात बजे आग लगने से सामान जल गया है। मदरसे में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अनाथ बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है। आग ने पूरे परिसर को चपेट में ले लिया और बिस्तर, किताबें, कपड़े तथा अन्य सामान जल गया है। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया। आसपास फायर और इमरजेंसी सेवाओं की सुविधा न होने से समय पर सहायता नहीं मिल पाई। इससे ज्यादा नुकसान हुआ है। राजोरी से जब तक वाहन के साथ दमकल कर्मी पहुंचे तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।
स्थानीय लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जिला प्रशासन और औकाफ प्रशासक राजोरी से मांग की है कि प्रभावित मदरसे को राहत और पुनर्वास सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने विस्थापित छात्रों के लिए आश्रय, भोजन, कपड़े और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। थन्नामंडी में फायर एंड इमरजेंसी सर्विस स्टेशन स्थापित करने की भी गुहार लगाई है।