शहर से सटे औद्योगिक क्षेत्र की पेपर मिल में शुक्रवार की दोपहर आग लग गई। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग की लपटें इतनी विकराल थी कि इस पर काबू पाने में लगभग पांच घंटे लगे। आग लगते ही यूनिट में काम कर रहे श्रमिकों ने भागकर जान बचाई।
फायर स्टेशन अफसर टरसेन जसरोटिया ने बताया कि आग से पेपर रोल, मशीनें और वायरिंग को भारी नुकसान पहुंचा है। लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की क्षति का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट सेंटर (मरोली) में स्थित नाइसर पेपर मिल में रोज की तरह काम चल रहा था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कारखाने के पेपर रोल कटिंग यूनिट में वेल्डिंग करते समय चिंगारी निकल रही थीं।
इसी दौरान पास पड़े पेपर में आग लग गई। एक दूसरे से सटे पेपर रोल और माल का भंडार आग की लपटों से घिरने लगा। धुएं के गुबार और लपटों का फैलाव देख यूनिट में काम रहे श्रमिकों में हड़कंप मच गया।