- कपड़ों के बाजार में बिजली के तार और मीटरों का जंजाल, दुकानदारों ने मांगी सुरक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर के पुराने बाजारों में शामिल खिलौना गली में अग्निकांड से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। कपड़ों की दुकानों वाले इस बाजार की संकरी गलियां, बिजली के असुरक्षित तार और मीटरों का जंजाल हादसे का खतरा बढ़ा रहे हैं। बाजार में फायर हाइड्रेंट नहीं होने से आग लगने की स्थिति में दमकल विभाग के सामने भी चुनौती खड़ी हो सकती है।
खिलौना गली से चार से पांच अन्य गलियां जुड़ी हैं, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। बाजार में तीन ऐसे बिजली के पोल भी हैं, जिन पर लाइटें नहीं लगी हैं। वहीं, अन्य तीन पोलों पर करीब 10 मीटर लगे हुए हैं। दुकानदारों को आशंका है कि अव्यवस्थित तार और मीटर शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकते हैं। उनका कहना है कि सात से आठ साल पहले भी बाजार की एक-दो दुकानों में शॉर्ट सर्किट से आग लग चुकी है।
दुकानदारों ने प्रशासन से बिजली के तारों और मीटरों को व्यवस्थित करने, बेकार पोल हटाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और आग से बचाव के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
-
ट्रैफिक जाम से बढ़ती परेशानी
बाजार की गलियां पहले ही संकरी हैं। वाहनों की आवाजाही से जाम लग जाता है। ऐसी स्थिति में हादसा होने पर दमकल की गाड़ी का मौके तक पहुंचना मुश्किल होगा। ट्रैफिक डीएसपी से बाजार का दौरा करने और ट्रैफिक कर्मी तैनात करने की मांग कई बार की गई है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
- सुभाष आनंद, अध्यक्ष, गली खिलौना ट्रेडर्स एसोसिएशन
-
खुले तारों से हादसे का डर
बाजार में बिजली के तारों पर उचित कवरिंग नहीं है। आंधी-तूफान के दौरान तार गिरने का खतरा बना रहता है। कपड़ों के बाजार में छोटी-सी चिंगारी भी बड़ा नुकसान कर सकती है। इसलिए तारों को सुरक्षित करना जरूरी है।
- वासु कोहली, दुकानदार
-
मीटरों को व्यवस्थित करने की मांग
बाजार में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है। बिजली विभाग से एक ही पोल पर कई मीटर लगाने के बजाय दुकानों के बाहर अलग-अलग मीटर लगाने की मांग की गई थी, लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया।
- अजय भाटिया, दुकानदार