जम्मू। शहर के जैन बाजार में शुक्रवार दोपहर एक घर की तीसरी मंजिल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक घर में पड़ा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
मकान मालिक विजय चोपड़ा ने बताया कि आग लगने के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। अचानक तीसरी मंजिल से दोपहर करीब 12 बजे धुआं उठता दिखा। जैन बाजार शहर के सबसे व्यस्ततम बाजारों में शामिल हैं। धुआं निकलता देख लोग घर के बाहर जमा हो गए और दमकल विभाग को सूचित किया गया। दरअसल, घर में लकड़ी की फॉल सिलिंग भी थी। इसकी वजह से आग एकदम से भड़क उठी, जिससे फर्नीचर समेत सिलिंग और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे साथ के घरों में आग को फैलने से रोका गया और घर के नीचे बनी दुकानों को भी बचाया गया। पुलिस चौकी प्रभारी दीपक ठाकुर का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है।