जम्मू-कश्मीर में फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रचार कार्यक्रम में तेजी लाने का फैसला लिया है। इस क्रम में फिल्म उद्योग को शूटिंग के लिए यहां आमंत्रित करने के लिए मुंबई समेत देशभर में प्रचार कार्यक्रमों की पर्यटन विभाग एक श्रृंखला आयोजित करेगा।
राज्यपाल के सलाहकार खुर्शीद अहमद गनई की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग की एक बैठक वीरवार को हुई, जिसमें राज्य की पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। सलाहकार ने अधिकारियों से कहा कि वह राज्य पर्यटन के प्रचार के लिए विभिन्न शहरों में प्रचार कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही इसमें मुंबई को भी जोड़ा जाए, जिसके तहत फिल्म उद्योग को जम्मू कश्मीर में शूटिंग करने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में जम्मू रोपवे और केंद्र व राज्य स्तर पर चल रही पर्यटन विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। वहीं, सलाहकार को पर्यटन अधिकारियों ने बताया कि राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग देश के नौ प्रमुख शहरों में पर्यटन कार्यक्रमों का आयोजन करेगा।
बैठक में पर्यटन सचिव रिग्जिन सैंफेल, निदेशक शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र बख्शी जावेद हुमायूं, निदेशक पर्यटन कश्मीर निसार अहमद वानी, प्रबंध निदेशक जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम (जेकेटीडीसी) आसिफ हामिद खान, प्रबंध निदेशक जेके केबल कार कॉरपोरेशन शमीम अहमद वानी, सचिव जम्मू तवी गोल्फ कोर्स हितेश गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।