संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। क्षेत्र के बाग जोगियां में वीरवार शाम तीन बजे भूमि विवाद में दो परिवारों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान घायल हुए हैदर मोहम्मद उमर( 25) पुत्र दिल मोहम्मद ने दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। साथ ही 12 बोर की बंदूक से कथित गोलीबारी के आरोप की जांच करते हुए लाइसेंसी बंदूक को जब्त किया है।
हैदर मोहम्मद को पुलिस द्वारा बिश्नाह उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने बताया कि उसका रिश्तेदारों के साथ किसी भूमि को लेकर पुराना विवाद है। इसको लेकर उनकी पहले भी लड़ाई हो चुकी है। हैदर मोहम्मद ने बताया कि भूमि पर स्टे होने के बाद भी दूसरा पक्ष उस पर काम करवाता रहता है, जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक से फायर किया गया, जिसमें वह घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष ने भी हैदर के परिवार पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार हाथापाई मोहम्मद सिराज और दिल मोहम्मद के परिवारों के बीच हुई, जो एक-दूसरे के करीबी रिश्तेदार हैं। दोनों परिवारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने के साथ जांच की जा रही है।