जम्मू। क्रिसमस का त्योहार 25 दिसंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए चर्र्चों के साथ बाजार सजने लगे हैं। क्रिसमस को लेकर पुराने शहर के मोती बाजार, नई बस्ती, गांधी नगर के अप्सरा रोड पर दुकानों में क्रिसमस की सजावट का सामान और छोटे-बड़े सांता क्लॉज आ चुके हैं। बाजार में केवल क्रिसमस ही नहीं बल्कि नववर्ष के स्वागत की तैयारियां भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। लोग भी खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
सजावट और गिफ्ट आइटमों में चॉकलेट, केक, क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉज, सांता क्लॉज का मास्क, पेंसिल, स्टार, ड्रेस, मास्क, क्रिसमस कार्ड्स, बेल वाले झूमर, लटकन वाले सांता क्लाज, थर्मोकोल के स्टिकर आदि से बाजार गुलजार हो गए हैं। इसी तरह पेड़ों पर लटकाने वाले बल्ब, स्टार और घरों में टांगने के लिए झूमर भी उपलब्ध हैं।
शहर के विभिन्न गिरजाघरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। साफ-सफाई के साथ गिरजाघरों की सजावट शुरू कर दी है। इस साल कोरोना के निर्देशों का पालन करते हुए और सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए गिरजाघरों में प्रार्थना की अनुमति दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण की वजह से सांता क्लॉज की ड्रेस के साथ मास्क को भी शामिल किया गया है। बाजार में 100 से लेकर एक हजार रुपये तक की सांता क्लॉज की ड्रेस है। इनके अलावा स्टार, बेल, बोल, रंग-बिरंगी लाइटों की कीमत 30 रुपये से लेकर 300 रुपये तक है। क्रिसमस ट्री 100 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक है। लंबाई और सजावट की वजह से क्रिसमस ट्री के अलग दाम हैं।
--------------
केक के आने लगे ऑर्डर
केक की दुकान करने वाले राहुल महाजन ने बताया कि केक के लिए अभी से बुकिंग शुरू हो गई है। लोगों ने विभिन्न डिजाइनों के केक ऑर्डर करना शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि हर कैक का दाम अलग-अलग है जो कि केक के डिजाइन, उसके फ्लेवर और कितना केक है उस पर निर्भर करता है।