अपनी मांगों के लिए प्रदर्शन करतीं मल्टीपर्पज वर्कर्स।
- फोटो : संजय कुमार
वेतन नहीं मिलने से गुस्साईं फीमेल मल्टीपर्पज वर्कर्स ने जम्मू में मंगलवार को फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर्स वेलफेयर एसोसिएशन (एफएमपीएचडब्ल्यू) के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द वेतन जारी किए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहीं एसोसिएशन की अध्यक्ष नीलम कुमारी ने कहा कि पिछले चार महीने से महिला स्वास्थ्य कर्मियों को वेतन नहीं दिया गया है। इससे उन्हें विभिन्न समस्याएं सहनी पड़ रही हैं। वे कई बार सरकार से अपनी मांग के लिए मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके वेतन को जारी नहीं किया गया है। इसी को लेकर आज उन्हें प्रदर्शन करने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है।
नीलम कुमारी ने कहा कि कई महिलाओं को वेतन न मिलने से घर का खर्च निर्वाह करने में दिक्कत आ रही है और कई कर्मी समय पर अपनी जरूरी दवाएं तक नहीं खरीद पा रही हैं। समय पर और पूरा काम करने के बाद भी उन्हें अपने वेतन के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वे फीमेल मल्टीपर्पज वर्कर की वेतन विसंगतियों का निश्चित हल करें और उन्हें समय पर वेतन दिया जाए।
एक अन्य मल्टीपर्पज वर्कर ने कहा कि हर महीने सभी कर्मचारियों की वेतन मिल जाता है। लेकिन, वे चार महीने से इंतजार कर रहीं हैं उनके फोन में अब तक वेतन का मैसेज नहीं आया है। उन्होंने कहा कि कई वर्कर ने लोन लिया हुआ है, कुछ ने बच्चों के स्कूल-कॉलेजों की फीस देनी है। ऐसे में अगर वेतन ही नहीं मिलेगा तो यह सब काम कैसे पूरे होंगे। इस मौके पर एसोसिएशन की वरिष्ट उपाध्यक्ष सुरैया अख्तर, उपाध्यक्ष अनीता भगत, सपना गुप्ता, सुदर्शना, अनिता, भारती, आरती, सोमा देवी व अन्य महिला स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहीं।