उधमपुर से करीब पांच किमी दूर थर्ड क्षेत्र में शुक्रवार को दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ के जवान अलर्ट हो गए। संयुक्त रूप से विशेष तलाशी अभियान चलाया गया।
हालांकि देर रात तक कोई संदिग्ध पकड़ा नहीं गया, लेकिन अभियान जारी रहा। दरअसल, सीआरपीफ को सूत्रों से जानकारी मिली कि दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में क्षेत्र में घूम रहे हैं।
इन दोनों व्यक्तियों ने सेना की वर्दी पहनी है और कश्मीर जाने का रास्ता पूछ रहे हैं। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
देर रात तक चला तलाशी अभियान
संदिग्धों की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की टुकड़ियों ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर कर तलाशी अभियान शुर किया। आसपास के क्षेत्रों को भी खंगला गया।
संदिग्धों की तलाश में अतिरिक्त फोर्स को भी तैनात किया गया। देर रात तक पुलिस और सीआरपीएफ की तलाशी अभियान चलता रहा। अब तक कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
यह भी संभावना जताई जा रही है कि बाढ़ के कारण कुछ संदिग्ध आतंकियों ने घुसपैठ की है।
पहाड़ी ठिकानों तक पहुंचने का आसान रास्ता
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से घुसपैठ के बाद पहाड़ी रास्ते से दोनों संदिग्ध उधमपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे हैं। जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें देख लिया। इस ग्रामीण क्षेत्र से संदिग्ध आतंकवादग्रस्त पहाड़ी जिलों में पहुंचना चाहते होंगे।
इस क्षेत्र से रामबन, किश्तवाड़, बनिहाल आदि आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचना आसान है। पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। नाकों को भी अलर्ट कर दिया है।
हर आने-जाने वाले गाड़ी की भी जांच की जा रही है। देर रात पुलिस और सीआरपीएफ का आपरेशन जारी रहा।