स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों और मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी से लोगाें में दहशत का माहौल है। डर का आलम यह है कि लोग भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बच रहे। वहीं जिला अस्पताल में चेकअप के लिए भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के डॉक्टराें के अनुसार स्वाइन फ्लू से घबराने की जरूरत नहीं। इसके लिए खुद की सावधानी जरूरी है।
जिला अस्पताल में तैनात डा. सौरभ कटोच ने बताया कि लोग डर से जिला अस्पताल में जांच कराने पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचने के लिए बार-बार साबुन से हाथ धोंए, छीकें व खांसी आने पर मुंह को ढक कर रखें। बार-बार मुंह, नाक व आंखाें को हाथ नहीं लगाएं। गर्म पानी का प्रयोग करें। चाय व काफी लें।
एक-दूसरे से हाथ मिलाने व गले मिलने से परहेज भी करना चाहिए। उधर सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीण भी घबराए हुए हैं। इसकी वजह से गांवों में कपूर व इलायची की बिक्री ने भी जोर पकड़ लिया है। लोग दोनों का प्रयोग सूंघने के लिए कर रहे हैं। उनका मानना है कि ऐसा करने से संक्रमण से बचा जा सकता है। वहीं ग्रामीणों ने सावधानी बरतनी भी शुरू कर दी है।