जम्मू। पठानकोट जम्मू नेशनल हाईवे के अलावा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सभी टोल प्लाजा पर वाहनों में फास्टैग के लिए विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं। काउंटरों के माध्यम से गैर फास्टैग वाले वाहन चालकों से 15 फरवरी से पहले फास्टैग लगवाने की अपील की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 15 फरवरी से हाईवे पर सभी टोल प्लाजा पर मैन्युअल टोल कलेक्शन बंद हो जाएगा और केवल फास्टैग के माध्यम से ही टोल कटेगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के परियोजना निदेशक अजय कुमार रजक ने बताया कि देश के अन्य हिस्सों की तरह जम्मू-कश्मीर में भी 15 फरवरी से टोल प्लाजा पर केवल फास्टैग अनिवार्य होगा। जिन वाहनों पर फास्टैग नहीं होगा। उन्हें दोगुना जुर्माना टोल प्लाजा पर भरना होगा। अथॉरिटी ने भी जन सुविधा के लिए हाईवे पर सभी टोल प्लाजा लखनपुर, ठंडी खुई, बन टोल प्लाजा व अन्य टोल प्लाजा पर फास्टैग के लिए विशेष काउंटर लगवाएं हैं।