फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाजपेयी की तरह सहिष्णु होना सीखें पीएम मोदी: फारूक अब्दुल्ला

Thu, 06 Dec 2018 09:18 PM IST
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
फारूक अब्दुल्ला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नेकां अध्यक्ष व सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह सहिष्णु होने की नसीहत दी है। भाजपा ने हमेशा विभाजन की राजनीति की है। जवाहर लाल नेहरू ने जब लाल किले पर पहली बार तिरंगा फहराया था, तब यह नहीं सोचा था कि देश को विभाजित करने वाली ताकतें भी आएंगी। डॉ. फारूक वीरवार को शेर-ए-कश्मीर भवन जम्मू में डॉ. बीआर अंबेडकर की पुण्यतिथि कार्यक्रम में बोल रहे थे। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि ब्रिटिश साम्राज्य ने इंडिया, पाकिस्तान बनाकर देश को तोड़ दिया और सत्ताधारी दल भी उसी नीति पर काम कर रहा है। भाजपा राम के नाम पर वोट मांग रही है। लेकिन ये उन्हीं की पुस्तिकाओं में लिखा है कि भगवान राम पूरी दुनिया के भगवान हैं।

प्रधानमंत्री को सहिष्णुता अपनानी चाहिए। वे सभी के प्रधानमंत्री हैं। हमें चीन और पाकिस्तान से युद्ध की जरूरत नहीं है, बल्कि हमें देश के भीतर की विभाजित करने वाली ताकतों को खत्म करना चाहिए। 
विज्ञापन


उन्होंने राज्य में शीघ्र विधानसभा चुनाव करवाने की वकालत की। इससे राज्यवासी अपनी सरकार चुनें, ना कि दिल्ली से। राज्य में शांति और विकास के लिए स्थिर सरकार की जरूरत है। डॉ. फारूक ने यह भी कहा कि गठबंधन में कई चुनौतियां रहती हैं।

नेकां ने अपने कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने के साथ जम्मू-कश्मीर की बुनियादी समस्याओं का समाधान किया। राज्यपाल के विधानसभा भंग करने के साथ भाजपा का सस्पेंस खत्म हो गया। नई दिल्ली की सरकार विभाजन की रणनीति पर काम कर रही है। 
विज्ञापन

जीएसटी, नोटबंदी से उद्योग प्रभावित हुए

डॉ. फारूक ने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि जीएसटी और नोटबंदी से छोटे उद्योग बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। जम्मू-कश्मीर राज्य भी इससे प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, बीजिंग के साथ कैलाश-मानसरोवर रूट को वाया लद्दाख से खोलने पर बात करें।

उन्होंने बुलंदशहर में एक इंस्पेक्टर की मौत पर वहां के मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। भारत और पाकिस्तान एलओसी पर सभी संबंधित रूटों को खोलें, ताकि दोनों ओर शांति स्थापित हो सके। इस दौरान को-चेयरमैन नेकां एससी सेल विजय लोचन, प्रांतीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा, अजय कुमार सडोत्रा, ठाकुर कश्मीर सिंह, शेख बशीर अहमद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें