जम्मू। सांसद व नेकां अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार शाम केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन से संपर्क कर उन्हें जम्मू में कोविड 19 के बढ़ते मामलों के बीच खस्ताहाल स्वास्थ्य ढांचे और सेवाओं की स्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन और वेंटिलेटर्स की कमी हैं। इससे मरीजों के अलावा जम्मू के लोगों में भय का माहौल है। लोगों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई इस वजह से प्रभावित हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया कि जम्मू के अस्पतालों में ढांचागत सेवाओं को मजबूत करने की तरफ जरूरी कदम उठाए जाएंगे। डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बिना किल्लत ऑक्सीजन आपूर्ति को सुनिश्चित किया जाए। मरीजों को सभी तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए ताकि लोगों को विश्वास बहाल हो। उन्होंने उम्मीद जताई की युद्ध स्तर पर जम्मू कश्मीर में स्वास्थ्य ढांचे में सुधार लाया जाएगा।