नेशनल कांफ्रेंस के प्रधान एवं श्रीनगर लोकसभा सीट से उम्मीदवार डा. फारूक अब्दुल्ला ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार को कश्मीरी विरोधी बताते हुए पाशविक बल के प्रयोग को बंद करने को कहा है।
शुक्रवार को हजरतबल दरगाह का दौरा करने के बाद विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत में अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि वह कश्मीर के निर्दोष लोगों पर पाशविक बल का प्रयोग न करें उन्होंने कहा कि कश्मीर मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार की ओर से ढाए जा रहे जुल्म के खिलाफ लोगों की एकजुटता सराहनीय है।
उन्होंने सरकार को सावधान किया कि वह लोगों के संयम की परीक्षा न ले और डर, अस्थिरता के अलावा गिरफ्तारी के माहौल को बंद करें। उन्होंने कहा कि पीडीपी नागपुर के गुप्त एजेंडे को लागू करने वाली पार्टी है।
फारूक ने की वैश्विक शांति की प्रार्थना
फारूक अब्दुल्ला
- फोटो : File Photo
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक ताकतों के उदय से भारतीय लोकतंत्र और महात्मा गांधी व पंडित जवाहर लाल नेहरू के राष्ट्र के सिद्धांत को गहरा आघात लगा है। हजरतबल दरगाह में डा. फारूक अब्दुल्ला ने नमाज पढ़ी और वैश्विक शांति और मुस्लिम राष्ट्रों में एकता की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि विश्व भर में मुस्लिम समुदाय एकता के अभाव में परेशानी का सामना कर रहा है।
सीरिया, इराक, अफगानिस्तान, मिस्त्र, सूडान आदि में रक्तपात उदाहरण है। उन्होंने कहा पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ नाराजगी जताने के लिए लोगों को नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस के उम्मीदवार को लोकसभा उपचुनाव में जिताकर धर्म निरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने का काम करना चाहिए।