आरएसपुरा सेक्टर में सीमा पर पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलाबारी को लेकर कानाचक्क सेक्टर में भी हलचल बढ़ गई है। पाकिस्तानी क्षेत्र में इस हलचल के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
वहीं सीमा सुरक्षा बल की ओर से भी भारतीय चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पाकिस्तान की ओर से पिछले कई दिनों से की जा रही फायरिंग से सीमा के आप-पास के किसान खेतों में जाने से डर रहे है। हालात ये हो गई है कि उनकी फसलों की बुवाई भी इस गोलीबारी के कारण बाधित हो रही है।
पाकिस्तान की ओर से आरएसपुरा, अरनियां सेक्टर में की जा रही गोलीबारी से कानाचक्क सीमा क्षेत्र में रह रहे लोगों में भी दहशत का माहौल है। किसान खेतों में सहमें-सहमें जाते हैं। पानी की कमी के कारण खेतों में धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
इस मौके पर सीमा क्षेत्र से सटी पंचायत के सरपंच शाम लाल शर्मा का कहना था कि लोग जल्द से जल्द धान की रोपाई का काम पूरा करना चाहते हैं। पाकिस्तान की नापाक हरकत से कब तनाव की स्थिति बन जाए, इस बात को लेकर किसान चिंतित हैं।
बिजली नहीं होने के कारण मोटर से भी सिंचाई नहीं हो पा रही। उन्होंने सरकार से सीमा क्षेत्र में चौबीस घंटे बिजली देने की मांग की है, ताकि जल्द धान की रोपाई की जा सके।