जेलों में बंद कैदियों से मुलाकात के लिए परेशान रहने वाले परिजनों को नए साल से राहत मिलेगी। जेल विभाग एक जनवरी से ई-मुलाकात सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके तहत कैदी के परिवार सदस्य अपने इलाके की किसी नजदीक जेल में जाकर इस सेवा का लाभ उठा सकता है। एक जेल से दूसरी जेल में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ई-मुलाकात कराई जाएगी। जेल विभाग ने इसके लिए अफसरों के नाम और मोबाइल नंबर जारी किए हैं। जम्मू संभाग के कई लोग कश्मीर की जेलों में हैं और कई कश्मीरी जम्मू की जेलों में बंद हैं। ऐसे में परिवार वालों को मुलाकात के लिए खासी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
कश्मीर संभाग की जेलों में बंद कैदियों से मुलाकात करने के लिए जम्मू के परिवारों को शनिवार और शुक्रवार का समय निर्धारित किया गया है। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक यह सुविधा रहेगी। जम्मू संभाग की जेलों में बंद कैदियों से कश्मीर संभाग के परिवारों के लिए सोमवार से वीरवार तक सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक यह सुविधा रहेगी। यह सुविधा जेल से जेल में ही होगी। जेल विभाग ने कहा है कि लोग उक्त जेलों के दिए गए नंबरों पर उपलब्ध जेल अधीक्षक से संपर्क कर मुलाकात करने के लिए बात करें।
यहां कर सकते हैं संपर्क
कोट भलवाल जेल में 0191623974, अंबफला जेल में 01912579823, कठुआ में 01922234771, उधमपुर में 01992270332, राजोरी में 9469820350, किश्तवाड़ में 9596188762, भद्रवाह 01997244910, उप जेल हीरानगर01922274231, उप जेल रियासी 01991244284, श्रीनगर सेंट्रल जेल 9419023148, बारामुला जेल 8825054303, कुपवाड़ा 01955252037, अनंतनाग 01932237004, पुलवामा की स्पेशल जेल 9469825228 नंबर पर फोन करके मुलाकात के लिए संपर्क कर सकते हैं।