डोडा। जिले में नकली पहचान और सत्यापन पर सिम कार्ड बेचने वाले एक रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले ने पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि एक सिम कार्ड विक्रेता जफर हुसैन निवासी दुदवार तहसील गंडोह फर्जी पहचान पर सिम कार्ड देकर लोगों को धोखा देता था। इन सिम कार्डों से बेगुनाहों को फंसाया जाता था। इसका उपयोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों या अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है। आरोपी लंबे समय से अपने सहयोगी मोहम्मद तैयब निवासी गंडोह के साथ इस रैकेट को चला रहा था।
प्रारंभिक जांच के दौरान पाया गया है कि विक्रेता ने विभिन्न व्यक्तियों को लगभग 39 नकली सिम जारी किए हैं। आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ने की आशंका है। इस संदर्भ में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही जिले भर में ऐसे विक्रेताओं की पहचान करने के लिए प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है, ताकि उन्हें जल्द पकड़ा जा सके।