जम्मू। प्रदेश सरकार द्वारा सितंबर में घोषित वित्तीय पैकेज के तहत अब कलाकारों के बैंक खाते में आर्थिक मदद पहुंचनी शुरू हो गई है। प्रदेश के कलाकारों को आर्थिक मदद के रूप में एक हजार रुपये की पहले किस्त मिल चुकी है। सरकार ने नौ महीने तक कलाकारों को एक-एक हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का फैसला किया है।
कल्चरल अकादमी कलाकारों के बैंक खाते में पैसा भेज रही है। आगामी महीने की राहत राशि लेने के लिए अब अकादमी कलाकारों से एफिडेविट मांग रही है। इसमें सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े कलाकारों की रोजगार से संबंधित जानकारी होनी चाहिए। अकादमी के इस फैसले से दूरदराज इलाकों में रहने वाले फोक कलाकारों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। कलाकारों का कहना कि एक हजार रुपये के लिए हमें कई घंटों का सफर कर एफिडेविट बनवाने और उसे अकादमी कार्यालय में पहुंचने आना होगा। इसमें गाड़ी का किराया और एफिडेविट का ही चार से पांच सौ का खर्च होगा। युवा कलाकार मोहम्मद यासीन ने कहा कि अकादमी कलाकारों के साथ मजाक कर रही है। कलाकारों से पहले ही बैंक खाता, आधार कार्ड और पैन कार्ड लिया है। अब एफिडेविट की नहीं कहानी शुरू कर परेशानी बढ़ दी है। अकादमी के अधिकारी कलाकारों को फोन कर एफिडेविट जमा करवाने के लिए कह रहे हैं।