जम्मू। डिली ग्रेटर जम्मू में बाप-बेटे ने धोखे से जाली दस्तावेज बना किसी दूसरे की 10 मरले जमीन 60 लाख रुपये में बेच डाली। शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच जम्मू ने दोनों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपियों में गंधर्व सिंह और उसका बेटा अर्जुन सिंह निवासी थंगरपुली छन्नी हिम्मत शामिल हैं। दोनों ने शिकायतकर्ता को साजिश के तहत 60 लाख रुपये में किसी दूसरे की जमीन का सौदा कर डाला। इसमें 30 लाख रुपये जमीन की बिक्री के दौरान हुए समझौते पर लिए गए। बाद में और 30 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए। क्राइम ब्रांच जम्मू में कृष्ण लाल निवासी ढाकी बाजार वार्ड नंबर-7 (राजौरी) हाल निवासी डिली ग्रेटर जम्मू ने शिकायत दी कि उसको आरोपियों ने धोखे से दूसरे की जमीन बेच डाली, जिस पर उनका कोई मालिकाना हक नहीं था। आरोपी गंधर्व सिंह पर दोहरे हत्याकांड का भी केस चल रहा है, जिस पर एफआईआर नंबर 70/2001 यू/एस 302 दर्ज है।
शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने गवाहों के बयान और विभिन्न बैंकों, संबंधित राजस्व कार्यालय से प्राप्त रिकॉर्ड जांचा। आरोपी गंधर्व सिंह और उसके बेटे अर्जुन सिंह ने विभिन्न समझौतों के तहत डिली ग्रेटर जम्मू में स्थित खसरा नंबर 635 में 10 मरले भूमि के मालिक के रूप में खुद को पेश कर कृष्ण लाल को जमीन बेच दी। बाद में पता चला कि यह जमीन किसी दूसरे व्यक्ति की है और इसे धोखे से बेचा गया है। क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।