वन नेशन वन राशन कार्ड योजना शुरू
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू के अलग-अलग हिस्सों में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग ने वन नेशन वन राशन कार्ड योजना शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार इस योजना के लागू होने से फेयर प्राइस शॉप (एफपीएस) पर राशन लेना और आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ेंः पर्यटकों के लिए कल से खुलेंगे जम्मू-कश्मीर के द्वार, बेहद खूबसूरत हैं घाटी के ये स्थान
उचित मूल्य दुकान पर स्थापित इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ सेल (ईपीओएस) उपकरणों पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से एक पीएचएच/एएवाई/बीपीएल लोगों को सुविधा मिलेगी। एनएफएसए के तहत अब किसी भी एफपीएस पर लाभार्थी अपना राशन ले सकते हैं।
राजोरी जिला विकास आयुक्त मोहम्मद नजीर शेख ने जिले में 'वन नेशन वन कार्ड' योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का सबसे बड़ा फायदा ये है कि कार्ड धारक देश के किसी भी इलाके में अपना राशन ले सकते हैं।
वर्तमान प्रणाली में एक राशन कार्ड धारक केवल एफपीएस से अनाज खरीद सकता है जो उसे उस इलाके में सौंपा गया है जिसमें वह रहता है। योजना के तहत राशन कार्डों की आधार सीडिंग की जा रही है। आजलपुर के एक उचित मूल्य की दुकान पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जहां अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त जम्मू रमेश चंद्र ने योजना का शुभारंभ किया।
नगरोटा में आयोजित एक अलग कार्यक्रम में एफसीएस एंड सीए के संयुक्त निदेशक शगुन शर्मा ने एक सरकारी उचित मूल्य की दुकान पर योजना शुरू की। इसी तरह अखनूर, चौकी-चौरा, खौड़, मढ़ और भलवाल इलाकों में भी योजना शुरू की गई।