मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मुहर्रम पर लोगों को निर्बाध रूप से बिजली-पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शिया बहुल इलाकों में लोगों को प्रति परिवार एक किलो अतिरिक्त चीनी देने का एलान किया।
मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि लोगों को परेशानी मुक्त परिवहन व्यवस्था मिलनी चाहिए। जलाने के लिए लकड़ी तथा सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था भी ठीक रहे।
इमामबाड़ों के आस-पास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने की हिदायत दी। उन्होंने पारंपरिक जुलूस मार्गों तथा इमामबाड़ों की ओर जाने वाली सड़कों को दुरुस्त करने को कहा। डिवकाम बसीर अहमद खान ने मुहर्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
आईजी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। साथ ही 350 होमगार्ड तथा रेडक्रास के प्रशिक्षित स्वयंसेवक लगाए जाएंगे। बैठक में जम्मू संभाग के जम्मू, पुंछ तथा अन्य शिया बहुल इलाकों में मुहर्रम के लिए की गई तैयारियों की भी जानकारी दी गई।
बैठक में विधान परिषद के चेयरमैन हाजी अनायत अली, लोक निर्माण मंत्री एआर वीरी, उपभोक्ता मामलों के मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली, पीएचई मंत्री शाम लाल, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री इमरान रजा अंसारी, राज्य मंत्री आसिया नक्काश व फारूक अहमद अंद्राबी, विधायक आगा सईद बकार रिजवी व आबिद हुसैन अंसारी उपस्थित रहे।