एशिया कप में भारत के मैच जीतने के बाद जश्न मनाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
एशिया कप महामुकाबले में भारत की जीत के साथ ही पूरे जम्मू कश्मीर में जीत का जश्न मना। ढोल-नगाड़े की थाप पर लोगों ने नाच गाकर खुशियां मनाईं। भारतीय टीम तथा सेना के जयकारे लगाए। आतिशबाजी की। जम्मू, सांबा, कठुआ, राजोरी, पुंछ, उधमपुर, रियासी, रामबन, डोडा के साथ ही घाटी में लोग सड़कों पर निकलकर जीत के जश्न में भागीदार बने।
मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में आतिशबाजी हुई। जम्मू में गांधीनगर गोल मार्केट, कच्ची छावनी, तवी पुल, गुज्जर नगर, रेशम घर, नानक नगर, छन्नी हिम्मत के साथ ही पुराने शहर में देर रात तक आतिशबाजी होती रही। वार्ड नंबर 75 संग्रामपुर में युवाओं ने तिरंगे के साथ नाच गाकर जश्न मनाया।
आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। उधर, बॉर्डर पर आरएस पुरा में भी लोग भारत की जीत पर झूम उठे। एलओसी से सटे जिले राजोरी के जवाहर नगर में लोग ढोल नगाड़ों की थाप पर देर रात तक नाचते रहे।
सुरक्षा के रहे व्यापक प्रबंध, तवी पुल पर रहा पहरा
मैच के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहे। विभिन्न विश्वविद्यालयों के हॉस्टल तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती रही। तवी पुल पर भी पहरा रहा। कश्मीर में संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती रही। मैच शुरू होने के साथ ही सुरक्षा बलों ने नाकों पर चेकिंग भी शुरू कर दी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। इसके साथ ही बॉर्डर इलाकों में भी पुलिस ने गश्त बढ़ा दी थी।
होटलों में बड़ी स्क्रीन पर उठाया आनंद
चिरपरिचित प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान की टीम के साथ मैच को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह रहा। शाम के सात बजे से शहरवासी अपने घरों में टीवी के सामने बैठ गए थे। होटल और रेस्तरां में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगी थीं, जहां खेल प्रेमियों ने मैच का आनंद लिया। क्रिकेट के प्रति लोगों में दीवानगी देखते ही बन रही थी। रविवार की छुट्टी ने मैच देखने का उत्साह और बढ़ा दिया था। पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम के लिए चार विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार की लोगों ने सोशल मीडिया पर काफी प्रशंसा की। मैच की हर गेंद ने खेल का रोमांच बनाए रखा था। क्रिकेटप्रेमियों को पूरा विश्वास था कि भारत पाकिस्तान को परास्त करेगा।
पुंछ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच के दौरान पुंछ में देर रात तक पुलिस लगातार गश्त करती रही। अधिकारियों ने किसी भी प्रकार के तनाव और घटना पर लगाम लगाने की पूरी व्यवस्था की थी। पुलिस की तरफ से मैच शुरू होने के पहले ही नगर के अलग-अलग स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए थे। एसएचओ पुंछ रंजीत राव स्वयं पूरे इलाके में नजर बनाए हुए थे। देर रात दस बजे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।