कश्मीर में आज भी भाईचारे और कश्मीरियत की वो मिसाल देखने को मिलती है, जो कईं दशक पहले देखने को मिली थी। इसकी ताज़ा मिसाल श्रीनगर के पुराने शहर के नवा कदल इलाके में देखने को मिली, जहां दूरा पंजु नामक एक कश्मीरी पंडित महिला का अंतिम संस्कार वहां के स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों के सहयोग से किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार शाम को उन्हें दूरा पंजु (पत्नी ओमकार पंजु) की मृत्यु की खबर मिली तो इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
लोग मृतक के परिवार के पास पहुंचे और उन्हें यथासंभव मदद की। इसके अलावा महिला के अंतिम संस्कार के लिए सभी इंतजाम भी किये। भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा शोकाकुल परिवार के साथ शव यात्रा में भाग लिया।
करण नगर शमशान में दह संस्कार के बाद परिवार के लिए अन्य प्रबंध भी किये गए। मृतक महिला के बेटे सुशील के अनुसार उन्हें ऐसा नहीं लगा कि वह अकेले हैं। सुशील ने कहा कि वह मुस्लिम भाइयों की मदद का अहसान नहीं भूल पाएंगे।