शीतकालीन राजधानी जम्मू में 104.44 करोड़ की राशि से बना रहा नया विधानसभा सचिवालय मंत्रियों, विधायकों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने की झंझट से राहत दिलाएगा। हालांकि अभी लिफ्ट सिस्टम तो है, लेकिन नये सचिवालय में एस्केलेटर तक की सुविधा होगी।
31 दिसंबर, 2016 तक विधानसभा सचिवालय का निर्माण कार्य पूरा होगा। नये सचिवालय में आधुनिक तकनीक का भरपूर प्रयोग हो रहा है और मंत्रियों और विधायकों को इमारत में भूकंप तक के खतरे का भय नहीं सताएगा।
पुराने सचिवालय के साथ सटे 2.44 लाख स्क्वेयर फीट क्षेत्र में नये विधानसभा सचिवालय के लिए निर्माण एजेंसी जम्मू कश्मीर प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन (जेकेपीसीसी) इन दिनों जोर-शोर से काम में जुटी हुई है।
सचिवालय की इमारत का ढांचा खड़ा कर लिया गया है। छह मंजिला इमारत के पहले दो फ्लोर पार्किंग के काम में आएंगे। दो फ्लोर विधानसभा सचिवालय बिजनेस के लिए और दो फ्लोर विधान परिषद बिजनेस के काम में प्रयोग किए जाएंगे।
निर्माण एजेंसी जेकेपीसीसी के चीफ इंजीनियर शेख अब्दुल हमीद का कहना है कि नये विधानसभा सचिवालय का निर्माण कार्य 31 दिसंबर, 2016 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए काम तेज गति से जारी है।
उनका कहना है कि विधासभा की बन रही इमारत में भूकंप रोधी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक से इमारत तैयार हो रही है। लाइट और साउंड सिस्टम, एस्केलेटर, आडियो-वीडियो तकनीक, सभागार, लॉबी के अलावा हर सुविधा नये विधानसभा सचिवालय में मुहैया करवाई जाएगी।