जम्मू। स्वतंत्रता दिवस नजदीक आ रहा है। साथ ही अमर उजाला के अभियान मां तुझे प्रणाम का आगाज हो चुका है। इस आयोजन के जरिये आप आजादी के जश्न में शामिल हो सकते हैं। जैसा कि हम सब जानते हैं कि अमर उजाला की साइकिल रैली वीरवार को सुबह 7:30 बजे शुरू होगी। रैली महाराजा हरि सिंह पार्क (फॉर्च्यून होटल के पीछे) से इंटरनेशनल डेली राइजिंग स्कूल चौआदी तक जाएगी।
मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर इसमें मुख्य अतिथि होंगे। एडीसी राकेश दुबे, एसपी ट्रैफिक प्रदीप सिंह, एसपी साउथ दिनेश डींगरा रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रैली का उद्देश्य देश सेवा की भावना को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। इसमें 18 आयु वर्ग से ऊपर सभी लोग हिस्सा ले सकेंगे। रैली के मुख्य आयोजक श्री माता वैष्णो देवी नारायणा अस्पताल और प्रायोजक आकाश इंस्टीट्यूट, आईडीआरएस स्कूल हैं। जबकि सह प्रायोजक अरोमा रेस्टारेंट, गुरु कृपा गेट्स और साहित्य संगम हैं। रैली में जम्मू साइकिलिस्ट एसोसिएशन और ग्रीन स्कूल प्रोग्राम भी हिस्सा लेंगे। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे अपना पहचान पत्र दिए गए नंबर पर व्हाट्सएप पर भेजें या फिर अपने साथ लाएं। वहीं, मां तुझे प्रणाम अभियान के तहत कई कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। इनमें आप प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकते हैं।
-
ये प्रतियोगिताएं भी करवाई जा रहीं
फैंसी ड्रेस : वीरों को नन्हों का सलाम। यदि आपका बच्चा आठ साल तक की आयु का है तो उसे अपने पसंदीदा नेशनल हीरो की तरह तैयार करें और उसकी तस्वीर नीचे दी गई वेबसाइट पर अपलोड करें। शीर्ष 10 बेहतरीन फोटोग्राफ पुरस्कृत किए जाएंगे।
ड्राइंग कंपीटिशन : मेरा सैनिक मेरा अभिमान। यह प्रतियोगिता कक्षा छठी से आठवीं तक के बच्चों के लिए होगी। इसमें थीम के अनुरूप ड्राइंग बनाकर अपलोड कर सकते हैं। चित्र पर नाम, नंबर, क्लास और शहर स्पष्ट लिखें। शीर्ष 10 विजेता घोषित किए जाएंगे।
लेखन प्रतियोगिता : मेरा सैनिक मेरा अभिमान। कलम उठाएं और लिख भेजिए देश के वीरों के नाम अपना पैगाम। लेखन प्रतियोगिता के तहत निबंध एवं कविताएं मंगवाई जा रही हैं। मां तुझे प्रणाम निबंध, कविता लेखन प्रतियोगिता में कक्षा सातवीं से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। विषय : मेरा सैनिक मेरा अभिमान पर अपनी रचना अपलोड कर सकते हैं। निबंध 500 शब्द और कविता 100 शब्दों से अधिक नहीं होनी चाहिए। शीर्ष 10 विजेता घोषित किए जाएंगे।
परिवार के संग गाएं जन-गण-मन : 15 अगस्त की सुबह ठीक 10 बजे अपने परिवार के साथ राष्ट्रगान गाएं। चुनिंदा फोटोग्राफ का प्रकाशन किया जाएगा। ध्यान रहे राष्ट्रगान के दौरान सावधान मुद्रा में ही खड़े हों, उसके बाद ही फोटो क्लिक करें, केवल व्हाट्सएप पर भेजी हुई फोटोग्राफ ही स्वीकार की जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए 94192-75168 पर संपर्क करें।