ईपीएफओ केे स्थापना दिवस पर मुख्य अतिथि सांसद सतपाल शर्मा व अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया।
स्थापना दिवस पर बेहतर कार्य करने वाले कर्मी सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के जम्मू क्षेत्रीय कार्यालय ने बुधवार को 74वां स्थापना दिवस मनाया। बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य सत शर्मा ने कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा में ईपीएफओ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने दावों के त्वरित निपटारे और पेंशन सेवाओं में सुधार की आवश्यकता बताई।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम सुमीत सिंह ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में जम्मू कार्यालय ने 80,946 दावों का निपटारा कर 267.53 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। पेंशन संबंधी सेवाओं के माध्यम से 1,515 पेंशनधारकों को सहायता दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत जम्मू के 3,852 पात्र प्रतिष्ठानों में से 2,564 ने पंजीकरण कराया है। योजना के तहत भाग-ए में 9,874 पात्र कर्मचारी और भाग-बी में 29,675 नियोक्ता/सृजित रोजगार से संबंधित लाभार्थी शामिल हैं। बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्रीनगर क्षेत्रीय कार्यालय के आयुक्त सुनील कुमार टूरा, बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुण सिंगला, गंग्याल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र जैन और भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष अशोक चौधरी सहित अन्य अधिकारी व उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।