अब तक ग्रिड से घरों तक बिजली पहुंचाने की व्यवस्था है। जम्मू कश्मीर इनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी ने सौर ऊर्जा के बूते इस क्रम को उलटा कर बिजली उपभोक्ताओं और बिजली विभाग दोनों की मुश्किलें कम करने की योजना बनाई है।
ऑन ग्रिड रूफटॉप सोलर प्लांट योजना का मसौदा तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दिया है। यदि मंजूरी मिलती है तो घरों में बिजली लोड को कम करना मुमकिन हो सकेगा। यही नहीं सौर ऊर्जा उपकरण से तैयार बिजली यदि घरों में खर्च नहीं होती है तो अतिरिक्त बची बिजली सीधा ग्रिड में चली जाएगी।
जम्मू कश्मीर इनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा तैयार किए मसौदे में जो फार्मूला सुझाया गया है, उसमें बिजली उपभोक्ताओं और बिजली विभाग की दिक्कतों को ध्यान में रखा गया है। योजना के अनुसार घरेलू अथवा सरकारी इमारतों की छतों पर सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे।