दुकानों के आगे किया पक्का अतिक्रमण हटवाते नगर पालिका के कर्मी
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। कस्बे के बाजार में मंगलवार को नगर पालिका ने अतिक्रमण के खिलाफ हथौड़ा चलाया। इस दौरान कमेटी के कर्मचारियों ने कई स्थानों पर पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया। ईओ रवि सैनी की देखरेख में जिन दुकानदारों ने फुटपाथ तक का निर्माण कर रखा था उसे मौके पर ही तुड़वाया गया।
ईओ ने कहा कि संबंधित दुकानदारों को दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण हटाए जाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था। कस्बे के बाजार में जिन दुकानदारों ने फुटपाथ व सड़क पर अतिक्रमण कर रखा है, उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि गत दिनों अमर उजाला में सुबह 28 और बाजार खुलने पर सड़क हो जाती है 14 फुट, शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। अब पालिका ने हरकत में आते हुए मंगलवार को इस मुहिम को चलाया। बाजार में खरीदारी करने आए पवन कुमार का कहना है कि नगर पालिका को सड़क पर दुकानदारों द्वारा किया अतिक्रमण शीघ्र हटवाना चाहिए। बाजार में राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल बना होने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अजय कुमार ने कहा कि दुकानदारों को अपना समान दुकानों के भीतर लगाना चाहिए। फुटपाथ व सड़क तक दुकानें लगाने और फुटपाथ व सड़क तक पक्का निर्माण होने से बाजार आने वाले ग्राहकों को दो पहिया वाहन खड़ा करने में परेशानी होती है। इससे दुकानदारों को ही नुकसान उठाना पड़ता है।