दुकानदारों की तरफ से हटाए गए अतिक्रमण के बाद खुला लगा मुख्य बाजार।
- फोटो : REASI
रियासी। जिला विकास कमेटी की अपील और डीसी के बाजार में आने की सूचना के बाद मंगलवार को कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे किए अतिक्रमण को स्वयं ही हटा लिया। इस कारण मंगलवार को नगर के मुख्य बाजार की सड़क काफी चौड़ी नजर आई।
रविवार को कमेटी की हुई बैठक में कहा गया था कि स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन को रिपोर्ट में बाजार में अतिक्रमण होने की रिपोर्ट भेजी है, जो जच्चा बच्चा अस्पताल बनने की राह में रोड़ा बन रहा है। दुुकानदारों ने दुुकानों के आगे सामान लगाकर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे कई बार बाजार में जाम लगा रहता है। सोमवार को कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी बबीला रकवाल से भी मिला था।
इस दौरान उन्होंने डीसी को बताया कि बाजार में किसी ने स्थायी निर्माण नहीं किया है। दुकानों के आगे सामान लगाया जाता है, जिसको पीछे कर दिया जाएगा। बैठक के बाद सभी से अतिक्रमण न करने की अपील की। इस दौरान यह भी कहा गया कि डीसी कभी भी बाजार का दौरा करने पहुंच सकती हैं। मंगलवार को डीसी के बाजार में आने की सूचना मिलने के बाद दुकानदारों ने खुद ही सामान दुकानों के अंदर कर लिया।
-----
जल्द शुरू हो सकता है जच्चा बच्चा अस्पताल
रियासी। जिला अस्पताल को रातोंरात माड़ी में स्थानांतरित किए जाने के बाद नगर के लोगों में रोष था। इसके बाद धरना प्रदर्शनों का दौर शुरू हुआ। तत्कालीन मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने जिला विकास बोर्ड की बैठक में पुराने अस्पताल की इमारत में जच्चा बच्चा अस्पताल खोलने को मंजूरी दी थी। उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री बनीं महबूबा मुफ्ती ने भी अस्पताल का काम जारी रखने को कहा। लगभग 70 लाख रुपये इमारत के जीर्णोद्घार के लिए मंजूर हुए। छह विशेषज्ञ डॉक्टरों सहित कुल 32 कर्मचारियों के स्टाफ की भी मंजूरी मिली। लेकिन, फिर भी अस्पताल का काम पूरा नहीं हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कि इसी सप्ताह इमारत के बाहर जच्चा बच्चा अस्पताल का बोर्ड लग सकता है। जल्द ही वहां अन्य सुविधाएं भी शुरू होंगी।