जम्मू। शहर में धड़ाधड़ अवैध निर्माण होने का सिलसिला जारी है। नगर निगम का खिलाफवर्जी विभाग अवैध निर्माणों को रोकने में सख्त कार्रवाई अमल में नहीं ला पाया है। शहर में 400 से ज्यादा अवैध निर्माण हो चुके हैं। इसका खुलासा जनरल हाउस की बैठक में भी पार्षदों की ओर से किया जा चुका है। नगर निगम अभी तक भ्रष्टाचार मामले में 5 खिलाफवर्जी अधिकारियों को ड्यूटी से हटाकर विभाग के साथ अटैच कर चुका है।
नगर निगम के सूत्रों के अनुसार अवैध निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। इन पर कामर्शियल गतिविधियां भी चल रही हैं। कुछ घरों को आवासीय मकसद से बनाया गया है। कुछ पार्षद भवनों के निर्माण पर विरोध कर चुके हैं। गांधी नगर में अवैध निर्माण के दर्जनों मामले सामने आए हैं। इसमें अलावा बख्शी नगर में दुकान में अवैध रूप से शटर लगाने का मामला सामने आया था। शहर की अन्य जगहों में भी अवैध निर्माणों की शिकायतें नगर निगम के पास पहुंची हैं। अवैध निर्माण करवाने में अधिकारियों की संलिप्ता भी सामने आई है। हालांकि जनरल हाउस की बैठक में मसले पर जांच करने के आदेश एमसी आयुक्त ने दिए थे। कुछ मामलों में अवैध निर्माणों को गिराने पर कार्रवाई शुरू हुई है। जहां पर लोग रसूखदार हैं वहां पर ढांचों को नहीं गिराया गया है।
इसी मसले पर आगामी जनरल हाउस की बैठक में फिर से बहस होनी है। अभी तक नगर निगम ने भ्रष्टाचार को रोकने के लिए सिर्फ पांच अधिकारी ही अटैच किए हैं। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम से नक्शा पास करवा जरूरी है। आयुक्त पंकज मंगोत्रा ने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। शिकायतों की जांच की जा रही है।