संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। शासन की तरफ से सरकारी और घास चराई भूमि से अतिक्रमण हटाने की चलाई गई मुहिम में बुधवार को क्षेत्र में तीन हजार कनाल भूमि को अतिक्रमण हटा कब्जे में किया गया। अखनूर क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम तहसीलदार सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में जिसमें पुलिस कर्मी भी शामिल रहे, जिन्होंने अब तक पंचायत सौहल, चननी, टरकवाल,टांडा, सुंगल, सुमाह ,जड ,गडखाल, राजपूरा ,देवी पूर सहित अन्य पंचायतों में तीन हजार कनाल भूमि से अतिक्रमण हटाया है। हालांकि क्षेत्र में सैकड़ों कनाल भूमि अभी खाली कराई जानी है।
क्षेत्र की कई पंचायतों में राजस्व विभाग ने सरकारी, घास चराई की सैकड़ों कनाल भूमि की पहचान की है, जो शीघ्र ही कार्रवाई करके खाली कराई जाएगी। प्रशासन ने क्षेत्र में खुली पड़ी सरकारी और घास चराई भूमि को कब्जे में किया गया। इसके बाद क्षेत्र के चिह्नित लोगों, जिन्होंने कई कनाल भूमि पर कब्जा किया है, उन पर कार्रवाई करके छुड़ाया जाएगा। इसमें रोशनी एक्ट, सरकारी और घास चराई आदि भूमि शामिल है। दूसरी ओर कई रसूखदारों द्वारा कब्जा की गई भूमि पर प्रशासन द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षेत्र लोगों में प्रशासन के प्रति रोष है। स्थानीय निवासी मंगल राम ने बताया कि प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सरकारी और घास चराई भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की है, मगर अभी तक रसूखदारों से भूमि को नहीं छुड़ाया गया है। प्रशासन को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जीतराज ने बताया प्रशासन द्वारा बडे़ लोगों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र के करीब तीन हजार कनाल भूमि से कब्जा हटाया करके अपने अधीन की है।