संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। तहसील के गांव भलवाल ब्रह्मणा के लोगों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व सरपंच डिंपल शर्मा कर रहे थे।
प्रदर्शन में शामिल कस्तूरी लाल, मदन लाल आदि ने कहा कि बिजली विभाग गांव के घरों के पास से हाई टेंशन तार लगा रहा है, जिसका गांव के लोगों ने विरोध किया है। तार लगाने के काम को रोक दिया है, जिसके चलते बिजली विभाग लोगों को परेशान कर रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने गांव के 300 घरों की बिजली बंद कर दी। सरपंच डिंपल शर्मा ने बताया कि दो दिनों से बिजली बंद है, और पूरा गांव अंधेरे में है, जिससे बच्चों की पढ़ाई से लेकर किसानों तथा दुकानदारों के काम प्रभावित हो रहे हैं। गांव के लोगों ने कहा कि हम लोग गांव के घरों के नजदीक से हाई टेंशन लाइन को नहीं लगाने देंगे। गांव के नजदीक तालाब की तरफ खाली जगह है, अगर विभाग को लाइन लगानी है, तो उस तरफ से लगाए और अगर विभाग ने जबरदस्ती की, तो हम लोग भी सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे, और गांव में बने बिजली के ग्रिड स्टेशन को ताला लगा देंगे।