जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने पुलवामा में हुए मुठभेड़ में आतंकी सरगना मौलाना मसूद अजहर के रिश्तेदार समेत तीन आतंकियों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के कब्जे से भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है।
14 फरवरी 2019 में पुलवामा हमले वाली कार में इस्माइल ने फिट की थी आईईडी
गौरतलब है कि मारे गए तीन पाकिस्तानी आतंकियों में से फौजी भाई उर्फ इस्माइल मसूद अजहर का रिश्तेदार और आईईडी विशेषज्ञ था। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर जिस कार ने हमला किया था उसमें आईईडी इस्माइल ने ही फिट की थी। इस हमने सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। पिछले महीने पुलवामा में आईईडी से भरी जो कार ब्लास्ट हुई थी उसके पीछे भी इस्माइल का ही हाथ था। इस्माइल की मौत सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी है।
आज सुबह हुई मुठभेड़
बुधवार की सुबह हुई मुठभेड़ में पुलवामा जिले के कंगन इलाके में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलवामा के कंगन इलाके की घेराबंदी की।
वहां तलाश अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान उस समय मुठभेड़ में बदल गया जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस संगठन से जुड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद समेत आपराधिक सामग्री बरामद की गई है।