मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले सेना के जवान
- फोटो : FILE PHOTO
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक आतंकी को ढेर कर दिया। वीरवार को शुरू हुए ऑपरेशन को रात को अंधेरा होने के चलते स्थगित करना पड़ा था। इलाके में अन्य आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
सैन्य सूत्रों के अनुसार वीरवार शाम जिले के लोलाब के कंटपुरा इलाके में जामिया मस्जिद में सुरक्षा बलों को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सेना की 28 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) ने इलाके को घेर कर तलाशी अभियान शुरू किया।
घेरा सख्त होता देख मस्जिद में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पर कुछ देर दोनों ओर से फायरिंग होने के बाद कोई फायर नहीं हुआ। इस बीच, स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर आपरेशन में बाधा डालने की कोशिश की। बाद में अंधेरा होते देख ऑपरेशन को स्थगित करना पड़ा।
सेना के एक अधिकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन में तेजी लाई और इलाके में दुबारा तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्हें खून से लथपथ आतंकी का शव बरामद हुआ, जो बीती रात मुठभेड़ वाली जगह से कुछ मीटर दूरी पर था। माना जा रहा है कि रात में भागने की कोशिश के दौरान आतंकी को गोलियां लगीं होंगी।
कुछ दूर जाकर उसकी मौत हो गई होगी। मारे गए आतंकी की पहचान नहीं हो पाई है। सूत्रों की मानें तो यह विदेशी आतंकी था, जो लश्कर-ए-तैयबा से संबंध रखता था। आतंकी को स्थानीय औकाफ कमेटी द्वारा को दफनाया गया। इस दौरान लोगों ने आजादी के हक में नारेबाजी भी की। इसके बाद इलाके में जमकर पथराव हुआ। काफी देर तक प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच भिड़ंत जारी रही।