श्रीनगर। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के पठानपोरा इलाके में वीरवार तड़के सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आतंकी चकमा देकर भाग निकले। सुरक्षाबलों को मुठभेड़ स्थल से हथियार बरामद हुए हैं, इनमें एक चीनी पिस्टल, 1 ग्रेनेड, 6 एके मैगजीन और 147 राउंड हैं। एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है। आतंकियों की संख्या दो बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार तड़के सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने एक सूचना के आधार पर पठानपोरा इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान इलाके में छिपे आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी। सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान आातंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग के साथ ग्रेनेड भी दागे। इसी बीच आतंकी चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए।
वहीं सूत्रों के अनुसार फरार आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान भी चलाया। इस बीच सेना के एक अधिकारी ने बताया कि फरार आतंकी कुछ हथियार छोड़ गए हैं जिसमें एक चीनी पिस्टल, 1 ग्रेनेड, 6 एके मैगजीन और 147 राउंड हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है। फरार आतंकी जैश ए मोहम्मद के बताए जा रहे हैं।