दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को देर शाम हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। पुलिस की ओर से आतंकी के मारे जाने की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अंधेरा होने की वजह से ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया है। एसपी चंदन कोहली ने बताया कि फिलहाल दूसरी ओर से फायरिंग रुकी हुई है। लेकिन घेरा सख्त रखा गया है। सुबह दोबारा ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
पुलवामा जिले के पछाड़ द्रबगाम इलाके से सोमवार की देर शाम सुरक्षा बलों की पेट्रोलिंग पार्टी गुजर रही थी। इस दौरान वहां मौजूद आतंकियों ने सुरक्षाबलों के वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें एक आतंकी मार गिराया गया।
मारे गए आतंकी की शिनाख्त हिजबुल के इरफान अहमद के रूप में हुई है। बताते हैं कि हमला करने वाले दो आतंकी थे। एक अब भी फंसा हुआ है। पूरे इलाके में घेराबंदी कर रखी गई है। हर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए।