दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग इलाके में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को जैश के एक पाकिस्तानी आतंकी को मार गिराया। मुठभेड़ शुरू होते ही लोग सड़कों पर उतर आए और सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षा बलों को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पेलेट गन के साथ साथ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। हिंसक झड़पों में तीन पत्थरबाज घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी गई हैं। सुरक्षाबलों द्वारा आतंकियों को मार गिराने के लिए दो मकानों में ब्लास्ट भी किए।
उत्तरी कश्मीर के टंगमर्ग में आतंकियों ने घर में घुसकर एक वनकर्मी की हत्या कर दी। घटना के पीछे लश्कर आतंकियों का हाथ बताया जाता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टंगमर्ग के कुंजर इलाके के जंडपाल में वीरवार की देर शाम आतंकी वनकर्मी तारिक अहमद मलिक के घर में घुस गए और उसे गोली मार दी। इसके बाद वे मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को प्रारंभिक छानबीन में यह जानकारी मिली है कि बडगाम के कावूसा गांव निवासी लश्कर आतंकी युसूफ डार उर्फ कांत्रो का हाथ है। ज्ञात हो कि आतंकियों ने एक दिन पहले ईद के दिन तीन पुलिसकर्मियों तथा भाजपा नेता की हत्या कर दी थी। भाजपा नेता की हत्या पर सभी राजनीतिक दलों ने नाराजगी जताई है।
कुलगाम में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले के मोहनपोरा गांव में आतंकियों ने सेना पर हमला किया। मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने पार्टी पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई और मौके से भाग निकले। हालांकि, इसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर देर रात शोपियां जिले के मैत्रीबुग में कासो चलाया गया।